दुनिया में विभिन्न प्रकार के लोग होते हैं—कुछ अच्छे और कुछ ऐसे जो इतने बुरे होते हैं कि उनके साथ रहना भी मुश्किल होता है। किसी व्यक्ति की सोच, दृष्टिकोण और व्यवहार यह निर्धारित करते हैं कि वह कितना अच्छा या बुरा है। हालांकि, पहली नजर में किसी की असली पहचान करना कठिन होता है। इसीलिए कई बार अच्छे लोग भी गलत संगत में फंसकर नुकसान उठाते हैं। ऐसे लोगों के साथ रहने से मानसिक शांति खो जाती है, और उनकी नकारात्मक सोच जीवन में प्रगति को रोक देती है।
यदि आप भी ऐसे व्यक्तियों से दूर रहना चाहते हैं, तो यहां 5 आदतें हैं जिनसे आप घटिया लोगों की पहचान कर सकते हैं:
1. हमेशा दूसरों से जलन रखना: ये लोग दूसरों की सफलता को सहन नहीं कर पाते। जब कोई इनसे बेहतर प्रदर्शन करता है, तो ये उसकी उपलब्धियों को कमतर आंकने लगते हैं। अपनी असफलताओं का दोष दूसरों पर डालना और जलन की भावना से ग्रसित रहना इनकी आदत होती है।
2. हर चीज में केवल कमियां निकालना: इन व्यक्तियों को हर चीज में नकारात्मकता नजर आती है। वे अच्छी चीजों में भी खामियां खोजते हैं और दूसरों की खुशियों से चिढ़ते हैं। यही कारण है कि ये हमेशा नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश करते हैं।
3. दूसरों की बुराई करना और चुगली करना: यदि कोई व्यक्ति हमेशा दूसरों की बुराई करता है, तो समझ लें कि वह आपके बारे में भी पीठ पीछे बुरा बोल सकता है। ऐसे लोग सामने मीठा बोलते हैं, लेकिन पीठ पीछे चुगली करने से नहीं चूकते।
4. बुरा व्यवहार और कड़वी जुबान: घटिया लोगों का व्यवहार बहुत खराब होता है। उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती कि उनकी बातें किसी को कितनी चोट पहुंचा सकती हैं। खुद को श्रेष्ठ साबित करने के लिए वे दूसरों को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
5. झूठ और धोखे से भरी होती है इनकी नियत: ये लोग बिना झूठ बोले नहीं रह सकते। उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती कि उनके झूठ से किसी का नुकसान हो रहा है या नहीं। अपने फायदे के लिए दूसरों को धोखा देना इनकी आदत होती है। भरोसा तोड़ना और छल-कपट करना इनकी फितरत होती है।